
6 सितंबर तक बारिश से राहत नहीं, झारखंड के 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
राॅंची। राजधानी राॅंची समेत झारखंड के कई जिलों में मंगलवार सुबह से बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 सितंबर तक राज्य में बारिश का दौर जारी रह सकता है। 1 सितंबर को सात जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट, जबकि रांची समेत चार जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूरे राज्य में गरज, वज्रपात और तेज हवाओं की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं राॅंची, खूंटी, चतरा और सरायकेला-खरसावां में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
1 सितंबर को पूरे झारखंड में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
2 सितंबर को गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट रहेगा। इस दिन भी राज्यभर में वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना है। 3 सितंबर को भी कुछ इलाकों में बारिश के साथ गरज-वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 4 से 6 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है। हालांकि इस दौरान भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना बनी रहेगी।





