
सदिक मंजिल चौक पर चलती बाइक में लगी आग, बाइक सवार ने कूदकर बचाई जान, अफरा-तफरी का माहौल
पलामू: मेदिनीनगर शहर के सदिक मंजिल चौक के पास बुधवार को एक चलती मोटरसाइकिल में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही बाइक पर सवार व्यक्ति ने कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक का इंजन काफी गर्म हो गया था, जिसके कारण अचानक उसमें आग लग गई। आग लगने से इलाके में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों और ट्रैफिक पुलिस ने बुझाई आग
आग लगते देख स्थानीय दुकानदारों और वहां ड्यूटी पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का काम शुरू किया। लोगों ने बालू और पानी की मदद से आग पर काबू पाया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस घटना को देखने के लिए सदिक मंजिल चौक पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ देर तक चौक पर यातायात भी प्रभावित रहा।
आग लगने के कारणों का पता नहीं
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बाइक में आग कैसे लगी। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार चलने के कारण बाइक का इंजन ज्यादा हीट हो गया था, जिसकी वजह से आग लग गई।
गनीमत रही कि समय रहते बाइक सवार ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली और कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





