
झारखंड में मंगलवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय रहा। रांची, चतरा, पलामू, लातेहार समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। साथ ही गरज के साथ तेज हवा भी चली।
वहीं, वज्रपात की घटना में 11 लोगों की मौत हो गई। इसमें लातेहार से दो और गिरडीह से 9 लोग शामिल हैं।
पहली घटना लातेहार के चंदवा थाना क्षेत्र के सुरली पंचायत अंतर्गत बनहरदी गांव की है। यहां खेत में काम कर रहे 18 वर्षीय उपेंद्र उरांव पर अचानक वज्रपात हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई। लातेहार में ही वज्रपात से एक किसान शिवनाथ उरांव की जान चली गई।
वहीं, दूसरी घटना गिरिडीह के देवरी, बिरनी, जमुआ, बगोदर और गावां थाना क्षेत्र में हुई। वज्रपात से देवरी में 5 और बिरनी, बगोदर व गावां थाना क्षेत्र में 4 लोगों की मौत हो गई।
इधर, मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार कई जगहों पर रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इससे जहां एक ओर मौसम सुहावना रहेगा, वहीं कुछ इलाकों में जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की आशंका भी है।





