
लेस्लीगंज पुलिस ने पंकज उराँव हत्याकांड का किया उद्भेदन, 7 अभियुक्त गिरफ्तार
पलामू। पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चौधरी के निर्देश पर लेस्लीगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंकज उराँव हत्याकांड का सफल उद्भेदन कर दिया है। मामले में हत्या की साजिश में शामिल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जंगल में मिला था शव
23 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली कि एकता जंगल में एक अज्ञात शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। पहचान के लिए सभी थानों को सूचना दी गई।
इसी दौरान पता चला कि बंजारी गांव निवासी बिरजू उराँव ने 19 सितंबर को अपने बेटे पंकज उराँव की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। बिरजू उराँव को शव दिखाए जाने पर उन्होंने उसकी पहचान अपने बेटे के रूप में की।
पिता के बयान पर पत्नी अनिमा कुमारी और उसके मायके पक्ष पर हत्या कर शव जंगल में फेंकने का आरोप लगाते हुए लेस्लीगंज थाना में कांड संख्या 137/2026, धारा 103(1)/238(a) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।
10 लाख में हुई थी हत्या की साजिश
जांच में खुलासा हुआ कि अनिमा कुमारी ने अपने पिता के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। इसके लिए खामडीह निवासी तेतरी देवी और पिंटू कुमार को 10 लाख रुपये दिए गए थे। पुलिस जांच में तेतरी देवी के बैंक खाते में करीब 8 लाख रुपये भी मिले।
साजिश के तहत रिंकी देवी के जरिए पंकज उराँव से फोन पर बात कराकर उसे सतबरवा मिलने बुलाया गया। इसके बाद अभियुक्तों ने उसकी हत्या कर शव एकता जंगल में फेंक दिया।
ये 7 हुए गिरफ्तार
- अनिमा कुमारी – पत्नी मृतक पंकज उराँव
- पिंटू कुमार – पिता स्व. सरयु पासवान, खामडीह, सतबरवा
- तेतरी देवी – पति पिंटू कुमार, खामडीह, सतबरवा
- जितेन्द्र उराँव – पिता स्व. बुधन उराँव, किसैनी, पाटन
- रिंकी देवी – पति फुलेश्वर भुईयाँ, नावागढ़, पांकी
- रामजनम उराँव – पिता स्व. रामवृक्ष उराँव, चियाँकी, सदर
- दिलेश्वर सिंह – पिता स्व. रामदास सिंह, एकता, लेस्लीगंज
सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
इन सामानों की हुई बरामदगी
पुलिस ने मृतक का POCO मोबाइल, पिंटू से VIVO मोबाइल और 4800 रुपये नकद, जितेन्द्र से POCO मोबाइल, 8050 रुपये नकद और SUZUKI XL6 कार JH01EA0391, रामजनम से मोबाइल, SBI पासबुक और चेकबुक तथा तेतरी देवी से मोबाइल और SBI पासबुक बरामद की है।
छापामारी दल में एसडीपीओ लेस्लीगंज, थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, एएसआई बाबूलाल यादव, लेस्लीगंज रिजर्व गार्ड और तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी।





