
पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ब्लैक फिल्म और मॉडिफाइड नंबर प्लेट लगे 20 वाहन जब्त, चालकों को कड़ी चेतावनी
मेदिनीनगर (पलामू): पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मेदिनीनगर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। यह अभियान शहर थाना क्षेत्र और चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चलाया गया, जिसमें ब्लैक फिल्म, मॉडिफाइड नंबर प्लेट और ड्रिंक एंड ड्राइव से जुड़े चार पहिया वाहनों की विशेष जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने नियमों की धज्जियां उड़ा रहे कुल 20 चार पहिया वाहनों को जब्त कर थाना लाया। थाने में ही गाड़ियों के शीशों पर लगी काली फिल्म को उतरवाया गया तथा मॉडिफाइड नंबर प्लेट लगाने वालों को दोबारा ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी गई। इसके बाद सभी वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
जांच में जब्त वाहनों का विवरण:
- ब्लैक थार: 07
- ब्लैक स्कॉर्पियो N: 03
- ब्लैक स्कॉर्पियो क्लासिक: 02
- अन्य चार पहिया वाहन: 08
- कुल वाहन: 20
पुलिस ने आमजन से की अपील
पलामू पुलिस ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे मॉडिफाइड साइलेंसर, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, तेज लाइट और काली फिल्म का प्रयोग करने से बचें तथा यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।





