
25 हजार से एक लाख तक का जुर्माना लग सकता है ( नगर निगम ) :– छोटी मस्जिद रोड पर नगर निगम की कार्रवाई का असर, दुकानदारों ने हटाया अतिक्रमण
डाल्टनगंज। छोटी मस्जिद रोड में सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को नगर निगम की ओर से 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था। नगर निगम की टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया था कि सड़क से अपना सामान हटा लें, अन्यथा निर्धारित समय के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
अल्टीमेटम की अवधि पूरी होने के बाद आज नगर निगम की टीम पूरी तैयारी के साथ छोटी मस्जिद रोड पहुंची। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही सड़क किनारे के दुकानदारों ने अपना सामान हटा लिया था। इसके चलते नगर निगम को तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं करनी पड़ी।
नगर निगम की टीम ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में दोबारा सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण किया गया या सड़क जाम की स्थिति उत्पन्न हुई तो सामान जब्त किया जा सकता है। साथ ही नियमों के तहत 25 हजार रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
नगर निगम की इस कार्रवाई से छोटी मस्जिद रोड पर सड़क को खाली रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की कोशिश तेज होती दिखाई दे रही है।





