
रेडमा में रिटायर बड़ा बाबू के घर चोरी, खिड़की का ग्रिल उखाड़कर डेढ़ लाख की संपत्ति ले गए चोर
पिता के इलाज के लिए रखे थे 50 हजार रुपये नगद, सोने की चेन और चार अंगूठियां भी गायब
मेदिनीनगर।
शहर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी क्रम में रेडमा स्थित काली मंदिर के नीचे गली में चोरों ने तरहसी प्रखंड से सेवानिवृत्त बड़ा बाबू मनमोहन प्रसाद के मकान को निशाना बनाया। चोर खिड़की का ग्रिल उखाड़कर घर में घुसे और अलमारी से 50 हजार रुपये नगद समेत करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान में सोने की एक चेन और चार अंगूठियां भी शामिल हैं।
मनमोहन प्रसाद ने बताया कि 50 हजार रुपये उन्होंने अपने 95 वर्षीय पिता के इलाज के लिए जमा कर रखे थे। घटना के समय घर में उनके पिता और पत्नी मौजूद थे। घटना की सूचना मिलने के बाद शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मनमोहन प्रसाद के अनुसार, वह कुछ दिनों से अपने बेटे से मिलने दिल्ली गए हुए हैं। गुरुवार सुबह करीब सात बजे उनकी पत्नी ने फोन कर चोरी की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घर के एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जबकि पीछे की ओर स्थित खिड़की का ग्रिल उखड़ा हुआ था। आशंका है कि चोर घर के पीछे वाली गली से पहुंचे और खिड़की का ग्रिल उखाड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी में रखे नगद रुपये और जेवरात चोरी कर लिए।
शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि इस घटना से संबंधित अगल-बगल के सीसीटीवी फुटेज देखा जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर चोरों का पता लगाने में जुटी है





