
तरहसी पुलिस ने वृद्ध महिला को सकुशल परिजनों से मिलवाया
तरहसी, पलामू
मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तरहसी पुलिस ने एक वृद्ध महिला को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया। जानकारी के अनुसार तरहसी थाना क्षेत्र के ग्राम भालोगाड़ी में करीब 65 वर्षीय एक वृद्ध महिला भटकती हुई मिली, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल तरहसी थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम महिला को सुरक्षित थाना लेकर आई और उसकी पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास शुरू किया। काफी प्रयास के बाद महिला की पहचान तेतरी देवी, पति स्वर्गीय चेगन साव, ग्राम सरैया, थाना भवनाथपुर, जिला गढ़वा के रूप में हुई।
इसके बाद तरहसी थाना प्रभारी राजेश रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वृद्ध महिला को सुरक्षित उसके घर पहुंचाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने परिवार की सदस्य को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने तरहसी पुलिस के इस सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों ने भी तरहसी पुलिस की मानवीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस का यह कार्य समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।





