
आईटीआई कॉलेज पिपरा कला में बिजली का घोर अभाव, पठन-पाठन प्रभावित: रामदेव प्रसाद यादव
सतबरवा/डाल्टनगंज: झारखंड प्रदेश श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अधीन संचालित आईटीआई कॉलेज पिपरा कला (सतबरवा) में विद्युत लाइन की समुचित व्यवस्था न होने से तकनीकी प्रशिक्षण हासिल कर रहे विद्यार्थियों का भविष्य अंधकारमय बना हुआ है। तकनीकी संस्थान जैसी जगह पर बिजली जैसी मूलभूत सुविधा का न होना विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मामले को लेकर कांग्रेस नेता सह अधिवक्ता रामदेव प्रसाद यादव ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम और हुनरमंद बनाने के दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ आईटीआई कॉलेज में स्थायी बिजली व्यवस्था तक नहीं है। बिजली के अभाव में प्रयोगात्मक कार्य और डिजिटल पढ़ाई पूरी तरह ठप पड़ी हुई है, जिससे छात्रों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
रामदेव प्रसाद यादव ने राज्य सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पिपरा कला आईटीआई कॉलेज में जल्द से जल्द स्थायी और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की जाए, ताकि पठन-पाठन सुचारू रूप से संचालित हो सके।





