
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चुनाव अभियान समिति के सदस्य पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी को प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
के एन त्रिपाठी पर यह कार्रवाई उनके द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गठबंधन की सरकार पर दिए बयान को लेकर की गई है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया है कि पार्टी में अनुशासन, सामूहिक जिम्मेदारी और महागठबंधन धर्म सर्वोपरि है।
इन्हीं सिद्धांतों के अनुरूप प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जानकारी देते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि 28 जुलाई 2026 को पलामू में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान के.एन.त्रिपाठी ने सार्वजनिक रूप से कानून-व्यवस्था, पुलिस एवं गृह विभाग को लेकर दिए गए बयान पार्टी की निर्धारित नीति और गठबंधन की सामूहिक जिम्मेदारी के अनुरूप नहीं हैं।
कांग्रेस लोकतांत्रिक विचार-विमर्श में विश्वास रखती है, लेकिन सार्वजनिक मंचों से ऐसे बयान, जिनसे संगठन और महागठबंधन की एकता प्रभावित हो, स्वीकार्य नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है. के. एन. त्रिपाठी से सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई पार्टी संविधान एवं अनुशासन के अनुरूप की जाएगी।





