
पांकी में आइसा का सदस्यता अभियान,सैकड़ों छात्रों ने ली सदस्यता
पांकी में आइसा की ओर से सदस्यता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न कोचिंग संस्थानों में जाकर छात्रों से संपर्क किया गया,जिसमें सैकड़ों की संख्या में छात्रों ने आइसा की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता अभियान में आइसा झारखंड के राज्य सचिव त्रिलोकी नाथ शामिल हुए और विभिन्न कोचिंग संस्थानों में छात्रों के बीच वर्तमान शिक्षा व्यवस्था की स्थिति और छात्र-युवा आंदोलन की जरूरतों पर विस्तार से बात रखी।
सदस्यता अभियान में आइसा के जिला अध्यक्ष गुड्डू भुइयां, प्रखंड अध्यक्ष रोहित कुमार और प्रखंड सचिव जितेंद्र कुमार सहित अन्य लोग भी शामिल रहे।
आइसा नेताओं ने कहा कि आज झारखंड की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट के दौर से गुजर रही है। छात्रों को समय पर छात्रवृत्ति नहीं मिल रही है,स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है और स्कूली शिक्षा की व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है। दूसरी ओर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों का भविष्य भी सरकार की लापरवाही के कारण संकट में है।
आइसा ने कहा कि जंतर-मंतर के छात्र आंदोलन से लेकर रांची में JPSC-JSSC के सवाल पर हुए आंदोलन तक आइसा लगातार छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाता रहा है। परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, समय पर परीक्षा, परिणाम और नियुक्ति की मांग को लेकर आइसा का संघर्ष लगातार जारी है।
आइसा नेताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए, परीक्षा ठीक करो” तथा “स्कूल-कॉलेज ठीक करो” अभियान जारी है। इसी कड़ी में आगामी 5 अक्टूबर को छात्र-युवा संसद आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र शामिल होंगे और अपनी समस्याओं को मजबूती से सामने रखेंगे।
आइसा ने कहा कि छात्र-युवा संसद के माध्यम से छात्रों की वास्तविक समस्याओं को सामने लाकर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। सदस्यता अभियान को और व्यापक करते हुए अगले 15 दिनों तक लगातार सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और अधिक से अधिक छात्रों को शिक्षा और रोजगार के सवाल पर संगठित किया जाएगा।
आइसा का स्पष्ट कहना है कि शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को ठीक किए बिना छात्रों के भविष्य को सुरक्षित नहीं किया जा सकता। छात्रों के अधिकार और बेहतर शिक्षा के लिए आइसा का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। कई छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। सुमित कुमार ,गोलू कुमार





