

बारिश के बीच पिचिंग कार्य जारी, कई स्थानों पर सड़क की गिट्टी उखड़ने लगी; जल निकासी के लिए पुलिया निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी
मनातू। ग्राम सिल्डिलिया कला से कोशियारा होते हुए कालीचरण तक निर्माणाधीन सड़क को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है और कई स्थानों पर खराब सामग्री का उपयोग किए जाने के कारण सड़क की स्थिति अभी से खराब होने लगी है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण के दौरान कई जगहों पर गिट्टी और अन्य सामग्री सड़क से अलग होकर उखड़ने लगी है। वहीं, बारिश के मौसम में भी पिचिंग का कार्य किए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क पर पिच का कार्य होने से निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और आने वाले समय में सड़क के जल्दी खराब होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के कई स्थानों पर मार्ग ठीक से नहीं बन पा रहा है और कुछ जगहों पर सड़क का हिस्सा अपने आप छूटने लगा है। इससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वहीं, ग्राम कोशियारा में सूरज प्रजापति के घर के समीप से बारिश के पानी की निकासी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थान पर जल निकासी के लिए पुलिया अथवा छोटी पुल का निर्माण आवश्यक है, लेकिन सड़क निर्माण में इसकी व्यवस्था नहीं की जा रही है। बारिश के समय पानी का उचित निकास नहीं होने पर सड़क को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क निर्माण कार्य की स्थल जांच कराने, उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच करने तथा जल निकासी वाले स्थान पर आवश्यक पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही भविष्य में सरकारी राशि की बर्बादी और आम लोगों की परेशानी का कारण बन सकती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की है।







