
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने पांकी थाना का किया निरीक्षण
पांकी, पलामू।
पलामू के पुलिस अधीक्षक (SP) कपिल चौधरी ने शनिवार को पांकी थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, अभिलेखों एवं पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी ने थाना में संचालित विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पांकी इंस्पेक्टर जीतनराम महली, पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह समेत थाना में पदस्थापित एसआई, एएसआई एवं पुलिस जवान मौजूद रहे। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों से क्षेत्र में विधि-व्यवस्था, लंबित मामलों, अपराध नियंत्रण तथा आम लोगों की शिकायतों के निष्पादन से संबंधित जानकारी ली।
एसपी कपिल चौधरी ने पुलिस पदाधिकारियों को क्षेत्र में नियमित गश्ती करने, अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने थाना आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।





