


ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अफीम और गांजा तस्करी के दो मामलों में चार गिरफ्तार
पलामू पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई पांकी थाना क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना पर एसडीपीओ लेस्लीगंज के नेतृत्व में छापेमारी कर शाहबुद्दीन मियां और गुलाम मुस्तफा को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से करीब 13 लाख रुपये मूल्य का 2.534 किलोग्राम अफीम बरामद हुआ। साथ ही दो मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन जब्त की गई। वहीं दूसरी कार्रवाई सतबरवा थाना क्षेत्र में की गई, जहां वाहन जांच के दौरान स्विफ्ट डिजायर कार से 33.789 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किया गया। इस मामले में बिहार के रोहतास निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार कर वाहन भी जब्त कर लिया गया।
दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।





