
अवैध खनन और खनिजों की तस्करी की शिकायतों के बीच झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने आधी रात सड़क पर उतरकर कार्रवाई की। अपने विधानसभा क्षेत्र छतरपुर में मंत्री रात करीब 11:15 बजे सड़मा महेंद्र एग्रो पेट्रोल पंप के पास एनएच-139 पर टीम और जीएसटी अधिकारियों के साथ पहुंचे और वाहनों की अचानक जांच शुरू कर दी।
करीब डेढ़ घंटे तक चले अभियान में कोयला, गिट्टी, लकड़ी और स्क्रैप लदे चार ट्रक पकड़े गए। सभी वाहनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। जिन वाहनों के कागजात सही पाए गए, उन्हें जांच के बाद जाने दिया गया। मंत्री के अचानक सड़क पर उतरने की सूचना मिलते ही अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में भी हड़कंप मच गया।





