
पलामू में गंभीर कुपोषित बच्चों के लिए ‘शिशु शक्ति’ योजना शुरू, उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने किया शुभारंभ
मेदिनीनगर, पलामू : जिले में कुपोषण से लड़ाई के लिए प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को अतिरिक्त पोषण देने के उद्देश्य से सोमवार को मेदिनीनगर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्मृति भवन यानी टाउन हॉल में ‘शिशु शक्ति’ संवर्धित घर ले जाने वाला राशन योजना का शुभारंभ किया गया।
इस योजना का शुभारंभ पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में क्या हुआ
शुभारंभ के मौके पर चिन्हित लाभुकों के बीच अतिरिक्त पोषण सामग्री का वितरण किया गया। उपायुक्त ने समाज कल्याण विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और कार्यक्रम में शामिल बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।
समाज कल्याण विभाग के पदाधिकारी, आंगनबाड़ी सेविकाएं और बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम में मौजूद थीं।
क्या है ‘शिशु शक्ति’ योजना का उद्देश्य
उपायुक्त ने बताया कि इस योजना के तहत जिले में चिन्हित गंभीर रूप से कुपोषित यानी एसएएम बच्चों को उनकी विशेष पोषण जरूरतों के हिसाब से अतिरिक्त पोषण सहायता दी जाएगी। इसका मकसद बच्चों में कुपोषण को दूर कर उनके शारीरिक और मानसिक विकास को बेहतर बनाना है।
उपायुक्त ने लोगों से की अपील
इस दौरान उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सभी अभिभावकों और समाज से अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों के भोजन में केवल दाल-चावल तक सीमित न रहें। बच्चों को हरी सब्जी, फल, अंडा और अन्य प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थ भी जरूर खिलाएं।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं के पोषण पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान मां को मिलने वाला पोषण सीधे बच्चे के विकास से जुड़ा होता है। इसलिए इस समय महिलाओं के खान-पान का विशेष ध्यान रखा जाए।
उपायुक्त ने कहा कि हम अपने बच्चों को अच्छा पोषण देकर ही समाज और देश का उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना का संदेश हर घर तक पहुंचे और सभी लोग इसमें अपना सहयोग दें।





