
पंगहटवा डैम में नहाने गए युवकों के साथ हादसा, एक की मौत, तीन घायल
दंडई से रंजन कुमार पासवान की रिपोर्ट।
गढ़वा जिले के दंडई प्रखंड क्षेत्र स्थित पंगहटवा डैम में शनिवार को नहाने गए युवकों के साथ बड़ा हादसा हो गया। डैम में नहाने के दौरान चार युवक पानी में डूबने लगे। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से युवकों को पानी से बाहर निकाला गया। घायल युवकों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
वहीं, मृत युवक के शव को बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





