Skip to main content

Jharkhand Bulletin

Facebook
Twitter
WhatsApp

पीएम-प्रगति के तहत टीबी उन्मूलन प्रयासों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

पीएम-प्रगति के तहत टीबी उन्मूलन प्रयासों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अंतर-मंत्रालयी समन्वय और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

नई दिल्ली, सोमवार:
पीएम-प्रगति के तहत देश में टीबी उन्मूलन के प्रयासों की प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार को नई दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे. पी. नड्डा ने की। बैठक में माननीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ भी उपस्थित रहे।

बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अंतर-मंत्रालयी समन्वय को मजबूत करने तथा जमीनी स्तर पर ठोस एवं परिणामोन्मुखी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान टीबी की शीघ्र पहचान, रोकथाम, स्क्रीनिंग, जन-जागरूकता तथा निरंतर सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने की आवश्यकता पर चर्चा हुई। अभियान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और भारत के टीबी उन्मूलन प्रयासों को गति देने के लिए ‘संपूर्ण सरकार और संपूर्ण समाज’ के दृष्टिकोण को महत्वपूर्ण बताया गया।

बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव श्रीमती पुण्य सलिला श्रीवास्तव; युवा कार्य विभाग के सचिव श्री सुनील पालीवाल, आईएएस; राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की अपर सचिव एवं मिशन निदेशक तथा राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की महानिदेशक सुश्री अराधना पटनायक; मेरा युवा भारत (MY Bharat) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला; तथा रक्षा मंत्रालय की अपर सचिव श्रीमती दीप्ति मोहिल चावला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

जमीनी स्तर पर जागरूकता और पहुंच बढ़ाने पर जोर

बैठक में MY Bharat के स्वयंसेवकों और NCC कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से जमीनी स्तर पर टीबी के प्रति जागरूकता और जनसंपर्क गतिविधियों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही शैक्षणिक संस्थानों और कार्यस्थलों को राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन अभियान से अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।

श्रमिकों के बीच टीबी की स्क्रीनिंग और आवश्यक सहायता को मजबूत करने में ESIC की भूमिका को भी समन्वित टीबी उन्मूलन प्रयासों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। व्यापक जनभागीदारी, संस्थागत सहयोग और विभिन्न क्षेत्रों के बीच प्रभावी समन्वय के माध्यम से ही टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को तेजी से हासिल किया जा सकता है।

ये पहल माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वस्थ, सशक्त और टीबी मुक्त भारत के विजन के अनुरूप हैं। सरकार, समुदायों, शैक्षणिक संस्थानों, कार्यस्थलों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों से भारत टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

Advertisment

Must Read...