
सावन की अंतिम सोमवारी पर राहवीर पहाड़ी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
पांकी, पलामू।
सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर राहवीर पहाड़ी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इंस्पेक्टर जीतराम मोहाली ने फीता काटकर भंडारे का उद्घाटन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण शुरू हुआ। बड़ी संख्या में लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों और स्थानीय युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं और पूरे आयोजन के दौरान सेवा एवं सहयोग का माहौल बना रहा।मौके पर अध्यक्ष पारसनाथ सिंह, उपाध्यक्ष प्रेम सिंह, सचिव सुभाष चंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष अजीत प्रसाद, पूजा समिति अध्यक्ष विश्वास कुमार, सचिव मुन्ना गुप्ता, संरक्षक निरंजन सिंह सहित सुनील सिंह, कपिल देव सिंह, मंटू, मनीष, सनी, मनजीत, अनु, संदीप, राजू पासवान और दीपकर समेत कई लोग मौजूद रहे।





