
अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए मेदिनीनगर नगर निगम ने सख्त कदम उठाया है।मेदिनीनगर बस डिपो से हटेगा अतिक्रमण, नगर निगम ने दुकानदारों को दी अंतिम चेतावनी
मेदिनीनगर शहर के सरकारी बस डिपो परिसर और आसपास के क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए मेदिनीनगर नगर निगम ने सख्त कदम उठाया है। नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम ने बस स्टैंड क्षेत्र में सब्जी विक्रेताओं और थोक व्यापारियों द्वारा किए गए अवैध कब्जे को हटाने के लिए लाउडस्पीकर से मुनादी कर सभी दुकानदारों को अंतिम चेतावनी जारी की है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सभी व्यापारी निर्धारित समय के भीतर स्वयं अपनी दुकानें और सामान हटा लें, अन्यथा निगम की टीम अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाएगी। इस दौरान सामान जब्त किया जाएगा, जुर्माना लगाया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
सिटी मिशन मैनेजर सतीश कुमार ने बताया कि बस डिपो परिसर में अवैध रूप से लग रही सब्जी और थोक दुकानों के कारण बसों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है, जिससे यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले चरण में दुकानदारों को समझाकर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया जा रहा है। चेतावनी के बावजूद यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर निगम बिना किसी अतिरिक्त सूचना के कार्रवाई करेगा।
इस अभियान के दौरान सिटी मिशन मैनेजर सतीश कुमार, सीएलटीसी गुरुदयाल सिंह, शरेयान खान समेत नगर निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहें।





