
लहलहे नदी का पुल पूरी तरह जर्जर, आवागमन में ग्रामीणों को भारी परेशानी
पलामू। राजहरा से लहलहे आने-जाने वाले ग्रामीणों के लिए लहलहे नदी पर बना पुल इन दिनों गंभीर चिंता का कारण बना हुआ है। पुल की स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है और कई हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात और बाढ़ के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर पुल के ऊपर से पानी बहने लगता है। ऐसे में पुल से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो जाता है। ग्रामीणों को आशंका है कि लगातार बारिश और तेज बहाव के कारण पुल कभी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त या बह सकता है।
पुल की खराब स्थिति का सीधा असर आसपास के गांवों के लोगों, विद्यार्थियों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले ग्रामीणों पर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल स्थल निरीक्षण कर पुल की मरम्मत कराने अथवा आवश्यकता के अनुसार नए पुल का निर्माण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सुरक्षित आवागमन के लिए इस समस्या का जल्द समाधान बेहद जरूरी है।





