
राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में अगले 24 घंटों के दौरान ठंड बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से राज्य में तापमान में गिरावट शुरू होगी और रात के समय कनकनी बढ़ेगी। सुबह के समय कुहासा छाने की भी संभावना जताई गई है। अगले पांच दिनों के भीतर रांची के न्यूनतम तापमान में करीब पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह हल्के से मध्यम कुहासे का असर देखने को मिलेगा। बुधवार को राजधानी समेत राज्य के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन शुक्रवार से आसमान साफ होने की संभावना है, जिससे सर्द हवाओं का प्रभाव और बढ़ेगा।





