Skip to main content

Jharkhand Bulletin

Facebook
Twitter
WhatsApp

अवैध खनन के खिलाफ पलामू में सख्ती, जुलाई में 96 वाहन जब्त

अवैध खनन के खिलाफ पलामू में सख्ती, जुलाई में 96 वाहन जब्त

मेदिनीनगर, 18 अगस्त। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।

जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि जुलाई माह में खनन विभाग ने अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त 44 वाहनों को जब्त कर 34.85 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं, जिला परिवहन विभाग ने 52 वाहन जब्त करते हुए 10.18 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। इस प्रकार दोनों विभागों की कार्रवाई में कुल 96 वाहन जब्त किए गए।

बैठक में विभिन्न अंचलों की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। इस दौरान कुल 36 वाहनों की जब्ती की जानकारी दी गई। हरिहरगंज और हुसैनाबाद अंचल ने सर्वाधिक 5-5 वाहन जब्त किए। वहीं, पिछले तीन महीनों में उंटारी रोड अंचल में कार्रवाई नहीं होने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस, परिवहन और खनन विभाग को आपसी समन्वय से लगातार छापेमारी करने, प्रमुख मार्गों एवं चेकपोस्टों पर वाहनों की जांच तथा खनन क्षेत्रों की प्रभावी निगरानी का निर्देश दिया।

अवैध बालू के संभावित परिवहन मार्गों को चिह्नित कर आवश्यकतानुसार ट्रेंच कटिंग कराने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही एसडीओ, एसडीपीओ, सीओ एवं थाना प्रभारियों को सूचना तंत्र मजबूत कर अवैध खनन से जुड़ी सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में सदर एसडीएम, सहायक समाहर्ता, विभिन्न एसडीपीओ, थाना प्रभारी समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Advertisment

Must Read...