
मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चोरी, ऑक्सीजन प्लांट के तांबे के पाइप काट ले गए चोर
पलामू। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठे हैं। बीती रात चोरों ने अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट में लगे तांबे के ऑक्सीजन पाइप काटकर चोरी कर ली।
क्या है पूरा मामला
अस्पताल कर्मियों के अनुसार अस्पताल परिसर में अक्सर नशेड़ी, पाकिटमार और चोर घूमते रहते हैं। वे अस्पताल के कीमती सामानों पर नजर बनाए रखते हैं। मौका मिलते ही चोरी कर फरार हो जाते हैं। इसी का नतीजा है कि बीती रात ऑक्सीजन प्लांट से तांबे के पाइप काट लिए गए।
कर्मियों का कहना है कि इन नशेड़ियों और चोरों की वजह से भर्ती मरीज भी सुरक्षित नहीं हैं। आए दिन सुनने को मिलता है कि किसी मरीज का मोबाइल चोरी हो गया, तो किसी का पैसा।
पुलिस चौकी पर उठे सवाल
अस्पताल में पुलिस चौकी खोलने का मुख्य उद्देश्य अस्पताल और सामानों की सुरक्षा था। लेकिन आरोप है कि पुलिस पदाधिकारी और जवान लापरवाह बने हुए हैं। इसी लापरवाही के कारण चोरों ने आसानी से ऑक्सीजन प्लांट को निशाना बना लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल नशेड़ियों का अड्डा बन गया है। जिसके कारण आए दिन यहां चोरी की घटनाएं हो रही हैं।
अस्पताल प्रशासन की लापरवाही उजागर
इस तरह की घटनाएं अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को दर्शाती हैं। मरीजों और उनके परिजनों में सुरक्षा को लेकर नाराजगी है।





