
पलामू: पांकी-मेदिनीनगर पथ पर पेड़ से टकराई बाइक, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर
मेदिनीनगर। पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत राजोगाड़ी-हरसैन मोड़ के समीप शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ पर बाइक सवार दो युवक जा रहे थे। इसी दौरान राजोगाड़ी-हरसैन मोड़ के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराई। हादसे में चैनपुर थाना क्षेत्र के हरभोंगा गांव निवासी चंदन दीक्षित (23 वर्ष), पिता कुलेश्वर दीक्षित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं, बाइक पर सवार राजोगाड़ी निवासी नितीश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया के लिए MMCH भेज दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।





