
20 सितंबर को मेदिनीनगर टाउन हॉल में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा का प्रमंडलीय संवाद सम्मेलन, 10 जिलों से जुटेंगे समाज के प्रतिनिधि
मेदिनीनगर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (रजि.), पलामू की ओर से आगामी 20 सितंबर 2026 को मेदिनीनगर टाउन हॉल के प्रांगण में प्रमंडलीय संवाद सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर महासभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोपाल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में 15 सितंबर को मेदिनीनगर कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
महासभा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सम्मेलन का शुभारंभ सुबह 11 बजे होगा। कार्यक्रम में समाज के लोगों के बीच संवाद स्थापित करने के साथ-साथ सामाजिक और सामुदायिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन में झारखंड प्रदेश अध्यक्ष प्रणय कुमार तथा कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम कुमार सिन्हा सहित करीब 10 जिलों के कायस्थ समाज के प्रतिनिधियों एवं परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
इन मुद्दों पर होगा विशेष मंथन
सम्मेलन में समाज के भीतर आत्ममंथन और सकारात्मक बदलाव को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। इनमें आधुनिक दौर में कायस्थ समाज की चुनौतियों और संभावनाओं, सामाजिक कुरीतियों पर चर्चा तथा अनावश्यक खर्च पर नियंत्रण के लिए सामाजिक चेतना पैदा करने जैसे विषय प्रमुख हैं।
इसके अलावा कायस्थ समाज के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण, पीढ़ियों के बीच बेहतर तालमेल एवं संवाद तथा महिलाओं के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान और संगठन में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
महासभा का कहना है कि यह आयोजन केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि समाज के लोगों के बीच संवाद और चिंतन का अवसर है, जिसके माध्यम से समाज को संगठित, जागरूक और मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में महासभा के महासचिव लाल बहादुर सिन्हा (रिंकू लाल) सहित संगठन से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। महासभा के अध्यक्ष गोपाल कुमार सिन्हा ने समाज के सभी लोगों से सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।





