
पलामू दिव्यांग संघ की हुसैनाबाद प्रखंड कमिटी की बैठक संपन्न, कमिटी विस्तार एवं दिव्यांगजनों के अधिकारों पर हुई चर्चा
हुसैनाबाद, 30 अगस्त 2026: आज दिनांक 30 अगस्त 2026, रविवार को पलामू दिव्यांग संघ की हुसैनाबाद प्रखंड कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक अमन-चैन के उदय प्रताप सिंह जी के आवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के संरक्षक उदय प्रताप सिंह जी ने की, जबकि बैठक का संचालन संघ के जिला अध्यक्ष उमेश कुमार मेहता जी ने किया।
बैठक में संघ की प्रखंड कमिटी को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए कमिटी के विस्तार पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष उमेश कुमार मेहता जी ने कहा कि दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए संगठन को पंचायत एवं प्रखंड स्तर तक मजबूत करना आवश्यक है।
संघ के प्रखंड अध्यक्ष विंध्याचल कुमार सिंह जी ने दिव्यांगजनों के अधिकारों, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा प्रखंड कमिटी के विस्तार पर अपने विचार रखे। वहीं प्रखंड सचिव सुरेन्द्र पासवान जी ने दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य करने का भरोसा दिलाया।
प्रखंड उपसचिव नसीम अंसारी जी ने बैठक में विशेष रूप से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पेंशन की राशि लगभग 8 महीनों से लंबित है, जिससे दिव्यांगजनों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस संबंध में संबंधित पदाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र पेंशन भुगतान की मांग करने की बात कही।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को संघ से जोड़ने तथा उनके अधिकारों एवं सरकारी सुविधाओं के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में प्रखंड अध्यक्ष विंध्याचल कुमार सिंह, प्रखंड सचिव सुरेन्द्र पासवान, उपसचिव नसीम अंसारी, कोषाध्यक्ष मुन्ना साव, उपकोषाध्यक्ष निलू कुमारी, मीडिया प्रभारी वीरेंद्र सिंह, सह-मीडिया प्रभारी पुष्पा कुमारी सहित प्रखंड कमिटी के सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे।
पलामू दिव्यांग संघ ने कहा कि संगठन दिव्यांगजनों के अधिकार, सम्मान, स्वावलंबन एवं सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आगे भी लगातार संघर्ष करता रहेगा।





