Jharkhand Bulletin

पांकी में छात्र-युवा आक्रोश दिवस: NEET पेपर लीक के विरोध में शिक्षा मंत्री का पुतला दहन

पांकी पलामू

NEET पेपर लीक मामले, परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सोमवार को पांकी में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) एवं रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (RYA) के संयुक्त तत्वावधान में छात्र-युवा आक्रोश दिवस मनाया गया। इस दौरान छात्र-युवाओं ने भगत सिंह चौक के समीप केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए डॉ. बी.एन. सिंह ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवादों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली लागू करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकार को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि परीक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक की घटनाओं पर कठोर कार्रवाई तथा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।कार्यक्रम में डॉ. बी.एन. सिंह, जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, गुड्डू भुईंया, रोहित मेहता, इजहार अली हैदर, तरुण राज, विवेक मिश्रा, अभिषेक कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार, शाहिद सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Advertisment

Must Read...