
लातेहार में 16 वर्षीय स्कूली छात्र की गोली मारकर हत्या
लातेहार सदर थाना क्षेत्र के परसही गांव निवासी 16 वर्षीय स्कूली छात्र विकास पासवान की हत्या रविवार रात को कर दी गई। आरोप है कि छात्र को गोली मारी गई थी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
छात्र विकास पासवान को रविवार को दो युवकों ने लातेहार जिला मुख्यालय स्थित मिशन चौक के पास से अगवा कर लिया था।
बताया गया कि छात्र को एनएच पर स्थित पतकी जंगल की ओर ले जाकर मारपीट की गई और एक गोली भी मारी गई। गंभीर अवस्था में उसे सड़क पर ही फेंक कर दोनों आरोपी फरार हो गए।
बाद में रास्ते पर चलने वाले लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद घायल छात्र को तत्काल लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के लिए रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
मामला लातेहार सदर प्रखंड के परसही गांव का है।





