
मेदिनीनगर में तीज की खरीदारी के दौरान महिला से सोने की चेन झपटी, भीड़ ने आरोपी को दबोचकर पुलिस को सौंपा
मेदिनीनगर (पलामू): हरितालिका तीज पर्व को लेकर रविवार को शहर के प्रमुख बाजारों में उमड़ी भारी भीड़ के बीच छिनतई की एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। शहर के व्यस्त सागर गली इलाके में खरीदारी करने आई एक महिला के गले से एक उचक्के ने सोने की चेन झपट ली। हालांकि, महिला के शोर मचाते ही स्थानीय दुकानदारों व राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे आरोपी को खदेड़कर पकड़ लिया और शहर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता नावाबाजार प्रखंड क्षेत्र की रहने वाली है। वह रविवार को तीज पर्व के मद्देनजर साड़ी और पूजन सामग्री की खरीदारी करने मेदिनीनगर बाजार पहुंची थी। सागर गली में दुकानों पर लगी भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन खींचकर भागने लगा। महिला के फौरन शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग सतर्क हो गए और घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा।
सूचना मिलते ही शहर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान शहर के कुंड मोहल्ला निवासी साकीब हसन (21 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि उसने पहली बार इस तरह की छिनतई की घटना को अंजाम दिया है।
फिलहाल पुलिस ने छीनी गई चेन बरामद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। शहर थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है, साथ ही त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजारों में गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।





