
परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद के 61वें बलिदान दिवस पर रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने अर्पित की श्रद्धांजलि
अब्दुल हमीद धाम में 21 परमवीर जल स्मारक, वीर अब्दुल हमीद संग्रहालय एवं सैन्य प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
गाजीपुर, उत्तर प्रदेश, 10 सितंबर 2026: परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद के 61वें बलिदान दिवस के अवसर पर गाजीपुर के धामूपुर स्थित अब्दुल हमीद धाम में रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय के साथ वीर अब्दुल हमीद को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री ने 21 परमवीर जल स्मारक, वीर अब्दुल हमीद संग्रहालय तथा भारतीय सेना द्वारा स्थापित टैंक एवं निष्क्रिय सैन्य हथियारों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान देश के वीर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। भारतीय सेना की ओर से परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद को गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।
श्री संजय सेठ ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद ने वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अदम्य साहस और असाधारण वीरता का परिचय दिया। दुश्मन के शक्तिशाली पैटन टैंकों का बहादुरी से मुकाबला करते हुए उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके अद्वितीय शौर्य और वीरता के लिए उन्हें देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि वीर अब्दुल हमीद का जीवन राष्ट्रभक्ति, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मातृभूमि के प्रति सर्वोच्च समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल है। उनका बलिदान आज भी देश के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।
रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि अब्दुल हमीद धाम में स्थापित स्मारक, संग्रहालय और सैन्य प्रदर्शनी के माध्यम से वीर अब्दुल हमीद सहित देश के वीर सैनिकों की गौरवगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्मारक युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ भारतीय सेना के वीर जवानों के त्याग और बलिदान से उन्हें परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव सहित भारतीय सेना के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, शहीदों के परिजन एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





