Skip to main content

Jharkhand Bulletin

Facebook
Twitter
WhatsApp

नौडीहा-1 पंचायत में नाली सफाई को लेकर ग्रामीणों का विरोध, राशि निकासी के बावजूद कार्य नहीं होने का आरोप

पांकी पलामू

पांकी प्रखंड के नौडीहा-1 पंचायत में नाली सफाई को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाली सफाई के नाम पर सरकारी राशि की निकासी कर ली गई, लेकिन कई वार्डों में आज भी नालियां गंदगी और कचरे से भरी हुई हैं। इससे जलजमाव, दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पंचायत में विकास कार्यों की धीमी गति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क, नाली और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय-समय पर नालियों की सफाई होती रहती, तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा पंचायत में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, पंचायत समिति सदस्य सुनील चौहान ने ग्रामीणों के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछले वर्ष पंचायत में नालियों की सफाई कराई गई थी। उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान गाद और कचरा जमा होने से नालियां दोबारा भर जाती हैं। जहां-जहां आवश्यकता है, वहां जल्द सफाई कराई जाएगी और पंचायत क्षेत्र की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। ग्रामीणों के आरोप और पंचायत समिति सदस्य के बयान के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई और जांच पर टिकी हुई है।

Advertisment

Must Read...