Skip to main content

Jharkhand Bulletin

Facebook
Twitter
WhatsApp

ताल पंचायत के ग्राम आबून में फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन।

ताल पंचायत के ग्राम आबून में फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन।

ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अवसर मिले तो खिलाड़ी जिला और राज्य स्तर पर बनाएंगे पहचान : उमेश यादव।

पांकी, पलामू

पांकी प्रखंड अंतर्गत ताल पंचायत के ग्राम आबून में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन समारोह उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। समारोह में पांकी पूर्वी क्षेत्र के भावी जिला परिषद प्रत्याशी सह समाजसेवी उमेश यादव उर्फ सुनील यादव सहित क्षेत्र के बुजुर्ग, खेल प्रेमी, खिलाड़ी एवं ग्रामीण मौजूद रहे। समापन समारोह में उपस्थित उमेश यादव उर्फ सुनील यादव ने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्राम आबून में आयोजित इस फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में क्षेत्रवासियों के बीच पहुंचकर उन्हें बेहद खुशी हुई। खेल मैदान की ऊर्जा और खिलाड़ियों के उत्साह के साथ ग्रामीणों के बीच बैठकर मैच का आनंद लेना उनके लिए सुखद अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि पांकी के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। सीमित संसाधनों के बावजूद यहां के युवा खिलाड़ी खेल के प्रति जुनून, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ रहे हैं। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को उचित मंच और बेहतर अवसर उपलब्ध कराया जाए। उमेश यादव ने कहा कि खेल महज मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह युवाओं को अनुशासन, एकता, शारीरिक स्वास्थ्य और नेतृत्व क्षमता का पाठ पढ़ाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी पैदा होता है। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि ताल पंचायत समेत पांकी प्रखंड के सुदूरवर्ती गांवों में छिपी प्रतिभाएं निखरकर सामने आएं। क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों को जिला स्तर से लेकर राज्य स्तरीय टीमों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि यहां के खिलाड़ी आगे चलकर राज्य का प्रतिनिधित्व करें और पांकी क्षेत्र का नाम रोशन करें। समापन समारोह में खिलाड़ियों और आयोजन समिति का उत्साहवर्धन किया गया। ग्रामीणों ने भी इस तरह के खेल आयोजनों को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए नियमित रूप से प्रतियोगिताएं आयोजित कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। टूर्नामेंट के समापन अवसर पर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Advertisment

Must Read...