कोयल नदी की बालू में दफन मिला लापता युवक का शव, हत्या की आशंका
ऊंटारी रोड, पलामू जिला ब्यूरो चीफ सह प्रभारी लवकुश कुमार सिंह की रिपोर्ट
पलामू जिले के ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र के लुम्बा सतबहिनी पंचायत निवासी 25 वर्षीय सचिन कुमार साव का शव बुधवार को कोयल नदी की बालू में दफन अवस्था में बरामद किया गया। सचिन पिछले एक दिन से लापता था।
ग्रामीणों और परिजनों द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही थी। बुधवार को गांव के कुछ लोग तलाश करते हुए सतबहिनी पंचायत भवन के पश्चिम स्थित कोयल नदी पहुंचे। वहां बालू में गड्ढा खोदने पर युवक का शव दबा हुआ मिला।
सूचना मिलते ही ऊंटारी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी मजिस्ट्रेट वासुदेव राय को दी गई। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव पर कई जगह चोट के निशान थे और कमर में एक गड़ासी फंसी हुई थी। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
हालांकि पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मौके पर मजिस्ट्रेट वासुदेव राय, विश्रामपुर अंचल के इंस्पेक्टर रामशीष पासवान तथा ऊंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी मौजूद थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।
